बालेश्वर में आरपीएफ के संयुक्त अभियान में टिकट दलाल गिरफ्तार
खड़गपुर, 07 अप्रैल (हि. स.)। रेलवे टिकटों की अवैध कालाबाजारी और दलाली पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ओडिशा के बालेश्वर में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जालसाज को गिरफ्तार किया है। आरपीएफ पोस्ट बालेश्वर, आरपीएफ टास्क टीम खड़गपुर और सीआईबी खड़गपुर की संयुक्त टीम ने सोमवार को विश्वसनीय सूचना के आधार पर सहदेवखुंटा बस स्टैंड क्षेत्र में छापेमारी कर इस सफलता को प्राप्त किया।
मंगलवार शाम जारी प्रेस विज्ञप्ति में रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान आरपीएफ अधिकारियों ने सोमवार दोपहर लगभग 12:20 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की। आरोपित की पहचान बालेश्वर सदर अंतर्गत एफ.एम. नगर निवासी बंचानिधि साहू (44) के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से कुल 23 हजार 520 रुपये मूल्य के अवैध रेल टिकट बरामद किए गए। इनमें 20 हजार 270 रुपये की कीमत वाले दो लाइव आरक्षण टिकट और तीन हजार 250 रुपये के तीन अन्य टिकट (एक कन्फर्म व दो वेटिंग लिस्ट) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, आरोपित के कब्जे से 17 हजार 300 रुपये की नकद राशि और पांच खाली आरक्षण मांग पत्र भी जब्त किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपित टिकटों की खरीद-बिक्री से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या प्राधिकार पत्र प्रस्तुत करने में विफल रहा। उसने स्वीकार किया कि वह आर्थिक लाभ के लिए अवैध रूप से टिकटों की दलाली का धंधा कर रहा था। आरपीएफ ने आरोपपित के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला संख्या 496/2026 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

