खड़गपुर स्टेशन पर मोबाइल चोर गिरफ्तार, आरपीएफ को सफलता
खड़गपुर, 18 जून (हि. स.)। खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। नियमित निगरानी और गश्त के दौरान आरपीएफ ने एक संदिग्ध मोबाइल चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपित की पहचान वर्षीय पुलक खांडा (21) के रूप में हुई है।
गुरुवार शाम सात बजे रेलवे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी गई जानकारी अनुसार 17 जून की सुबह करीब 8:45 बजे आरपीएफ पोस्ट खड़गपुर तथा सीआईबी खड़गपुर की संयुक्त टीम पोस्ट कमांडर के नेतृत्व में स्टेशन परिसर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-पांच पर पुराने फुट ओवर ब्रिज के समीप सब-वे क्षेत्र में एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। सुरक्षा कर्मियों को देखते ही युवक भागने लगा, जिसके बाद जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे स्टेशन के टाटा छोर स्थित प्लेटफॉर्म संख्या-सात और आठ के पास दबोच लिया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान युवक के पास से (रेडमी 9ए) मॉडल का समुद्री नीले रंग का एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा एक सिम कार्ड बरामद किया गया। आरोपित मोबाइल के स्वामित्व से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही डिवाइस को अनलॉक कर पाया। कड़ी पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि मोबाइल उसने खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर एक अज्ञात यात्री से चोरी किया था।
आरपीएफ ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपित को जब्त मोबाइल के साथ आगे की कार्रवाई के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) खड़गपुर के हवाले कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

