14 किलो चांदी के साथ बराचक स्टेशन से पकड़ा गया व्यक्ति
आसनसोल, 07 अप्रैल (हि. स.)। आसनसोल में रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता से मंगलवार को बाराचक स्टेशन पर एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से करीब 14 किलो चांदी के गहने बरामद किए गए हैं। इस घटना के बाद इलाके में हलचल तेज हो गई है और जांच एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं।
जानकारी के अनुसार, आरोपित स्टेशन पर एक बैग के साथ ट्रेन का इंतजार कर रहा था। उसी दौरान ड्यूटी पर तैनात रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) के जवानों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ के दौरान वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, जिससे शक और गहरा गया। उसके बैग की तलाशी लेने पर उसमें से भारी मात्रा में चांदी के गहने पाए गए, जिनका कुल वजन लगभग 14 किलो बताया जा रहा है।
आरपीएफ ने आरोपित से गहनों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान उसके बयान भी बार-बार बदलते रहे, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरोपित को बराचक स्थित आरपीएफ पोस्ट ले जाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इनकम टैक्स डिपार्टमेंट (आयकर विभाग) को भी सूचना दी गई। विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जब्त गहनों की जांच कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि रेलवे स्टेशनों पर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी सफलता बताया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

