home page

सिलीगुड़ी में चुनाव से पहले सुरक्षा कड़ी, केंद्रीय बलों का रूट मार्च

 | 
सिलीगुड़ी में चुनाव से पहले सुरक्षा कड़ी, केंद्रीय बलों का रूट मार्च


सिलीगुड़ी, 23 मार्च (हि. स.)। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से सिलीगुड़ी में सोमवार को केंद्रीय बलों द्वारा रूट मार्च किया गया। इस दौरान सिलीगुड़ी के पुलिस कमिश्नर सैयद वाकर राजा और दार्जिलिंग के जिलाधिकारी (डीएम) हरीशंकर पेनिकर मौजूद रहे। उनके साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, विभिन्न थानों के आईसी और ओसी सहित केंद्रीय बलों की बड़ी टीम भी शामिल रही। रूट मार्च शहर के कई महत्वपूर्ण इलाकों से गुजरा, ताकि आम लोगों में सुरक्षा और भरोसे का माहौल बनाया जा सके।

पुलिस कमिश्नर सैयद वाकर राजा ने बताया कि फिलहाल शहर में पांच कंपनियां केंद्रीय बल की तैनात हैं। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएगा, केंद्रीय बलों की संख्या बढ़ाई जाएगी। शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखी जाएगी और करीब आठ जगहों पर नाका चेकिंग भी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मतदाता बिना किसी डर के मतदान कर सकेंगे।

वहीं, दार्जिलिंग के डीएम हरीशंकर पेनिकर ने कहा कि प्रशासन पूरी जिम्मेदारी के साथ काम कर रहा है। केंद्रीय बलों के साथ तालमेल बनाकर रूट मार्च और निगरानी की जा रही है। हर इलाके पर नजर रखी जा रही है, खासकर आम जनता की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रशासन और केंद्रीय बल मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो। लोगों की किसी भी शिकायत या समस्या का त्वरित समाधान करने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।

इस रूट मार्च के जरिए प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम पूरी तरह से लागू रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार