रोटरी क्लब के बेलूर बाल विकास केंद्र का वार्षिकोत्सव संपन्न
हावड़ा,04 अक्टूबर (हि.स.)। रोटरी क्लब के बेलूर बाल विकास केंद्र का वार्षिकोत्सव समारोह लिलुआ स्थित मलय मंच में आयोजित किया गया। इस अवसर पर रोटरी क्लब बेलूर के अध्यक्ष सुरेश खुनेता ने केंद्र के कार्यों की सराहना की एवं आशा व्यक्त की कि केंद्र के बच्चे आगे चलकर स्वावलंबी होने की दिशा में कदम बढ़ाएंगे। केंद्र को रोटरी क्लब आफ बेलूर की तरफ से उन्होंने हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
केंद्र के चेयरमैन शिवकुमार लोहिया ने बताया कि पिछले 27 साल से खास बच्चों की शिक्षा के क्षेत्र में यह केंद्र अपनी अहर्निष सेवा देता आ रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष इस केंद्र में संवेदी प्रशिक्षण एवं एकीकरण के लिए एक अलग विभाग खोला गया है जिसमें नए-नए उपकरणों से युक्त खास पद्धति से बच्चों को शरीर की पाँचों इंद्रियों (देखना, सुनना, छूना, स्वाद और गंध) तथा आंतरिक संवेदनाओं को बेहतर तरीके से समझने और उपयोग करने का अभ्यास कराया जाता है। विभाग के द्वारा बच्चों के विकास में और गति आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि केंद्र में प्रत्येक बच्चों के विकास पर निरंतर नजर रखी जाती है एवं समय-समय पर अभिभावकों से बैठक करके
बच्चों के विकास का आंकलन किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह खास बच्चे हमें शिक्षा देते हैं कि मनुष्य में अप्रतिम शक्ति है और उन शक्ति को उजागर करने से हम कठिन से कठिन परिस्थितियों से उबर सकते हैं|
एम सी केजरीवाल विद्यापीठ के प्रिंसिपल विश्वजीत मजूमदार ने केंद्र के कार्यों पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि आज के समय की यह मांग है कि साधारण एवं खास बच्चों की शिक्षा को संयुक्त करके शिक्षा को समावेशी बनाया जाए|
समारोह के मुख्य अतिथि रोटरी जिला 3291 के नवनिर्वाचित जिला गवर्नर पूर्णेन्दु राय चौधरी ने कहा कि अत्यंत हर्ष का विषय है कि रोटरी जिला 3291 में इस तरह का एक प्रकल्प रोटरी क्लब बेलूर के द्वारा चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह एक अभिनव प्रकल्प है। इस केंद्र में शिक्षा के लिए विशिष्ट अध्यापकों की प्रमुख भूमिका रहती है| मैं आशा व्यक्त करता हूं कि यह केंद्र आगे और प्रगति करेगा और यहां से निकलकर बच्चे अपने-अपने क्षेत्र में सफल होगें।
सचिव नरेंद्र प्रसाद गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष किशन केजरीवाल ने मेधावी छात्रों को केंद्र की ओर से पुरस्कृत किया। केंद्र के दो विशेष अध्यापक पूर्णिमा दे एवं चैताली यादव को 25 वर्षों की सेवा के लिए पुरस्कृत किया गया। केंद्र के तीन स्वयंसेवकों -शिप्रा चक्रवर्ती, रूपा राय चौधरी एवं नवनीत वल्लभ को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अभिभावक प्रतिनिधि शिखा साहा ने कहा कि केंद्र में मिल रहे प्रशिक्षण से बच्चों में काफी सुधार हो रहा है एवं अभिभावक गण बहुत संतुष्ट एवं हर्षित हैं। कार्यक्रम का संचालन नवीन खंडेलवाल ने किया।
इस अवसर पर केंद्र के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जिसमें तबला वादन मेलोडी, दुर्गेश नंदिनी एवं अन्य शामिल थे। इस अवसर पर स्वाति मल्होत्रा,आनंद अग्रवाल, शंकर रामलिंगम,संतोष मोहता, अजय खन्ना एवं अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित थे|
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप

