टॉय ट्रेन के लोको शेड की छत गिरी, सात रेलकर्मी घायल
दार्जिलिंग, 02 अगस्त (हि.स.)। दार्जिलिंग रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक हादसे में दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) के टॉय ट्रेन लोको शेड की लकड़ी की छत अचानक गिर गई, जिसकी चपेट में आने से सात रेलकर्मी घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त लोको शेड में कई कर्मचारी अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान अचानक शेड की लकड़ी की छत भरभराकर नीचे गिर गई। हादसे में सात कर्मचारी घायल हुए है। इनमें कुछ कर्मचारियों को अपेक्षाकृत कम चोटें आई है, जबकि सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मलबे को हटाकर घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने भी मौके का जायजा लिया। लोको शेड की छत किस वजह से गिरी और हादसे के पीछे कोई तकनीकी या संरचनात्मक खामी थी या नहीं, इसकी जांच रेलवे अधिकारियों ने शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

