home page

रोहिणी टोल बंद, जीएनएलएफ के विरोध के बाद अब बिना टोल दार्जिलिंग सफर

 | 
रोहिणी टोल बंद, जीएनएलएफ के विरोध के बाद अब बिना टोल दार्जिलिंग सफर


दार्जिलिंग, 07 मई (हि. स.)। दार्जिलिंग मार्ग पर स्थित रोहिणी टोल प्लाजा बंद कर दिया गया। गोरखा नेशनल लिबरेशन फ्रंट (जीएनएलएफ) कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के बाद टोल वसूली पूरी तरह ठप हो गई।

गुरुवार सुबह जीएनएलएफ के नेता और कार्यकर्ता रोहिणी टोल प्लाजा पहुंचे और टोल के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। विरोध के दौरान टोल कर्मी वहां से हट गए, जिसके बाद प्लाजा का कामकाज बंद हो गया।

जीएनएलएफ का दावा है कि अब रोहिणी होकर कर्सियांग और दार्जीलिंग जाने वाले किसी भी वाहन को टोल नहीं देना होगा। पर्यटक गाड़ियां, ट्रक, छोटी गाड़ियां और बाइक—सभी बिना टोल के गुजर सकेंगी।

गौरतलब है कि यह टोल प्लाजा गोरखालैंड प्रादेशिक प्रशासन (जीटीए) द्वारा शुरू किया गया था। लंबे समय से यहां पहाड़ में प्रवेश करने वाले वाहनों से शुल्क वसूला जा रहा था।

जीएनएलएफ का आरोप था कि यह टोल आम लोगों और पर्यटकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहा है। अब राजनीतिक परिवर्तन के बाद इस मुद्दे को लेकर आंदोलन तेज कर दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार