home page

सड़क हादसे में घायल युवक की मौत

 | 

जलपाईगुड़ी, 28 जुलाई (हि.स.)। फूलबाड़ी-गाजलडोबा तीस्ता कैनाल रोड पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की आखिरकार मौत हो गई। मृतक की पहचान सौमदीप मंडल (25) के रूप में हुई है। वह फूलबाड़ी के पश्चिम धनतला इलाके के निवासी थे।

परिवार के अनुसार, रोज़ की तरह सोमवार को भी वह फूलबाड़ी बाजार स्थित एक मोटर पार्ट्स की दुकान में काम करने गए थे। दुकान के मालिक ने उन्हें पुटीमारी इलाके के एक शोरूम से कुछ सामान लाने के लिए भेजा। मालिक की स्कूटी लेकर सौमदीप वहां के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में तीस्ता कैनाल रोड के पुटीमारी इलाके में एक मालवाहक ट्रक के साथ उनकी जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे में गंभीर रूप से घायल सौमदीप को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रात में उनकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार पूरी तरह टूट चुका है। इकलौते बेटे को खोने के गम में माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। मंगलवार को उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद उनका शव घर लाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार