चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट ने सड़क सुरक्षा सप्ताह-2026 का किया शुभारंभ
हुगली, 03 अगस्त (हि.स.)। चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से सोमवार को चुंचुड़ा के घड़ीर मोड़ पर सड़क सुरक्षा सप्ताह-2026 का औपचारिक शुभारंभ किया गया। यह जागरूकता अभियान 3 अगस्त से 9 अगस्त, 2026 तक कमिश्नरेट क्षेत्र में चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) आनंद रॉय (आईपीएस) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ चुंचुड़ा के विधायक सुबीर नाग तथा पुलिस एवं सिविल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों की जान बचाने के लिए जिम्मेदार सड़क व्यवहार, यातायात नियमों के कड़ाई से पालन तथा जनभागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया। नागरिकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, शराब पीकर अथवा लापरवाही से वाहन नहीं चलाने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के तहत घड़ीर मोड़ से एक आकर्षक सड़क सुरक्षा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली में स्कूली छात्रों, बस एवं पूल कार चालकों, परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों, पुलिसकर्मियों तथा अन्य हितधारकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार यातायात व्यवहार से जुड़े संदेशों का प्रचार-प्रसार किया।
चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से बताया गया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान कमिश्नरेट के सभी थाना क्षेत्रों और ट्रैफिक गार्डों में जागरूकता कार्यक्रम, शैक्षिक अभियान, विशेष प्रवर्तन अभियान तथा सामुदायिक जनसंपर्क गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
कमिश्नरेट ने सभी नागरिकों से सड़क सुरक्षा सप्ताह अभियान में सक्रिय सहयोग करने और सड़कों को सभी के लिए अधिक सुरक्षित बनाने में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

