home page

जलपाईगुड़ी में 300 बाइकों के साथ सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली

 | 
जलपाईगुड़ी में 300 बाइकों के साथ सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली


जलपाईगुड़ी, 27 अक्टूबर (हि. स.)। सड़क सुरक्षा, साइबर ठगी के प्रति जागरूकता और पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जलपाईगुड़ी जिला पुलिस ने मंगलवार को विशाल बाइक रैली निकाली। रैली में करीब 300 बाइक सवारों ने हिस्सा लिया। जिला पुलिस अधीक्षक सुजाता कुमारी वीणापाणि के नेतृत्व में रैली की शुरुआत बानरहाट थाने से हुई।

रैली लुकसान, नागराकाटा, चालसा और मेटेली होते हुए डामडिम मोड़ पहुंची। इसके बाद उदलाबाड़ी चौपथी में विशेष जागरूकता सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों ने कुछ बाइक चालकों को हेलमेट भी वितरित किए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला पुलिस अधीक्षक सुजाता कुमारी वीणापाणि ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर तक राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर संबंध स्थापित करना, युवाओं को खेलकूद के प्रति प्रोत्साहित करना और सामाजिक जागरूकता बढ़ाना है।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीनिवास एमपी (मुख्यालय), मालबाजार के एसडीपीओ सुदीप्त सरकार सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। उदलाबाड़ी से रैली क्रांति के लिए रवाना हुई और अंत में लाटागुड़ी में इसका समापन हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार