home page

घाटाल में टूटी सड़कों पर आरोप-प्रत्यारोप तेज

 | 
घाटाल में टूटी सड़कों पर आरोप-प्रत्यारोप तेज


मेदिनीपुर, 27 फ़रवरी (हि. स.)। घाटाल में खराब सड़कों के कारण कुछ दिन पहले टोटो से उच्च माध्यमिक परीक्षा देने जा रहे छह छात्र घायल हो गए थे। इसके अलावा उसी रास्ते से प्राथमिक स्कूल के छात्र भी आवाजाही करते हैं। लंबे समय से सड़कें जर्जर हैं। पंचायत क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की कई सड़कें खराब पड़ी हैं। इन्हीं सड़कों की मरम्मत को लेकर घाटाल में सियासी तनातनी शुरू हो गई है। जर्जर सड़कों की मरम्मत नहीं होने पर भाजपा संचालित मनोहरपुर-एक ग्राम पंचायत ने तृणमूल पर साजिश का आरोप लगाया है।

पंचायत ने शुक्रवार को बताया कि रत्नेश्वरबाटी से श्रीरामपुर तक लगभग 3.5 किमी, रत्नेश्वरबाटी से श्यामसुंदरपुर तक करीब 2.1 किमी और गोपमहल से हरिशपुर तक करीब 5.5 किमी की प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़कें लंबे समय से खराब हैं। इन रास्तों से आने-जाने में स्कूली छात्र और आम लोगों को परेशानी होती है, मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी दिक्कत झेलनी पड़ती है। आरोप है कि 2024 और 2025 में ग्राम पंचायत की ओर से कई बार लिखित आवेदन देने के बावजूद मरम्मत की पहल नहीं हुई।

शुक्रवार को ही भाजपा संचालित पंचायत के उपप्रधान बापन बर ने तृणमूल पर साजिश और भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि पंचायत चुनाव में जनता ने उन्हें सत्ता दी थी और उन्होंने सड़कों की मरम्मत का वादा किया था, लेकिन कई बार पत्र भेजने के बाद भी काम नहीं हुआ। उनका यह भी कहना है कि घाटाल में तृणमूल के ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप माझी पंचायत समिति की सीट पर चुनाव हार गए थे और उसी वजह से सड़कों का काम नहीं कराया जा रहा।

दूसरी ओर, दिलीप माझी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि तृणमूल प्रतिशोध की राजनीति नहीं करती। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर बंगाल को बार-बार वंचित करने का आरोप लगाया और कहा कि पंचायत चुनाव से पहले सड़कों की मरम्मत का काम शुरू हुआ था, एजेंसी ने सामग्री भी डाली थी, लेकिन अब जो लोग आरोप लगा रहे हैं, उनके नेताओं ने ही उस समय काम रुकवा दिया था।

जर्जर सड़कों की स्थिति स्वीकार करते हुए घाटाल पंचायत समिति के सहायक सभापति विकास कर ने भरोसा दिया कि उन्होंने जिला परिषद से बात की है और जल्द ही मरम्मत का काम शुरू हो जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता