फांसीदेवा में छह सौ से ज्यादा मतदाताओं के नाम कटने पर सड़क जाम
सिलीगुड़ी, 29 मार्च (हि.स.)। सिलीगुड़ी महकमा के फांसीदेवा के लाहुगछ गांव में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर भारी विरोध देखने को मिला। फांसीदेवा विधानसभा क्षेत्र के 223 और 224 नंबर बूथ पर कुल 1533 मतदाता है, लेकिन आरोप है कि इनमें से 609 वोटरों के नाम नई सूची से हटा दिए गए है। दूसरी सप्लीमेंट्री वोटर लिस्ट हाथ में आते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने रविवार को राज्य सड़क को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पहले पूरी वोटर लिस्ट जारी होने के बाद करीब 700 से अधिक नाम “विचाराधीन” रखे गए थे और अब नई सूची में बड़ी संख्या में नाम हटा दिए गए।
स्थानीय पंचायत सदस्य और पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों का भी आरोप है कि उनके नाम तक सूची से हटा दिए गए है, जबकि वे वर्षों से मतदाता सूची में शामिल थे।
कुछ लोगों ने दावा किया कि उनका नाम 2002 से सूची में था और 1987 से जमीन के दस्तावेज होने के बावजूद उनका नाम काट दिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि खास तौर पर अल्पसंख्यक समुदाय के वोटरों के नाम निशाना बनाकर हटाए गए है। हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सही तरीके से वोटर लिस्ट में नाम शामिल नहीं किए गए, तो आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

