इटाहार में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर, तीन मजदूरों की मौत, 11 घायल
उत्तर दिनाजपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। जिले के इटाहार थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर बालियापाड़ा इलाके में हुए इस हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हर दिन की तरह शुक्रवार सुबह भी दुर्गापुर क्षेत्र के सादापुर और धरंडा गांव से करीब 30 मजदूर काम के लिए एक ट्रक में सवार होकर निकले थे। बालियापाड़ा इलाके में एनएच-12 के किनारे पहुंचकर वे ट्रक से उतरकर काम पर जाने की तैयारी कर रहे थे।
इसी दौरान मालदा की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा और खड़े मजदूरों से भरे ट्रक के पीछे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक के पास खड़े मजदूर दूर जा गिरे। घटनास्थल पर ही तीन मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान छेपो बर्मन (45), आलका बर्मन (46) और तप मार्डी (37) के रूप में हुई है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को पहले इटाहार ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें रायगंज मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, कई घायलों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही इटाहार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए रायगंज मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रकों को जब्त कर थाने ले जाया गया है। घटना के बाद से आरोपी ट्रक चालक फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

