home page

राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे में एक की मौत, चार घायल

 | 
राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे में एक की मौत, चार घायल


मालदा, 08 सितंबर (हि. स.)। जिले में सोमवार देर रात डालखोला-बक्खाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात पांच लोग एसयूवी पर सवार मालदा से कालियाचक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। कालियाचक थाना क्षेत्र के जलालपुर में एक अस्पताल के सामने चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन वाहन नहीं रुका।

इसके बाद कुछ दूरी आगे जाने पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। एसयूवी सड़क पार करते हुए विपरीत लेन में जा पहुंची। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही एक लॉरी ने एसयूवी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पाकर कालियाचक थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। वाहन में फंसे पांचों लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मृतक और घायलों की पहचान करने में जुटी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार