ऋतब्रत गुट ने भी घोषित किया तृणमूल का प्रदेश अध्यक्ष, बिप्लब मित्र को सौंपी कमान
कोलकाता, 10 जुलाई (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस में जारी अंदरूनी खींचतान के बीच ऋतब्रत बंद्योपाध्याय के नेतृत्व वाले गुट ने भी अपनी संगठनात्मक संरचना का ऐलान कर दिया है। शुक्रवार को कोलकाता के तपसिया स्थित एक होटल में हुई लंबी बैठक के बाद इस गुट ने वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बिप्लब मित्र को अपना प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया। वहीं, कसबा के विधायक जावेद खान को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में ऋतब्रत बंद्योपाध्याय और जावेद खान ने कहा कि उनके नेतृत्व वाला गुट ही वास्तविक तृणमूल कांग्रेस है। इसी आधार पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में बिप्लब मित्र का चयन किया गया है।
गौरतलब है कि हाल ही में ममता बनर्जी ने अखिल भारतीय चेयरपर्सन के साथ-साथ स्वयं को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष भी घोषित किया था। इसके जवाब में ऋतब्रत गुट ने अलग प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कर संगठनात्मक स्तर पर अपनी अलग पहचान और दावेदारी को और मजबूत करने की कोशिश की है।
सूत्रों के अनुसार तपसिया की बैठक में केवल प्रदेश अध्यक्ष के चयन पर ही नहीं, बल्कि 21 जुलाई को शहीद दिवस मनाने की रणनीति और संगठन के आगामी कार्यक्रमों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद शाम करीब साढ़े आठ बजे नेताओं ने मीडिया को फैसलों की जानकारी दी।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

