ऋतब्रत बनर्जी के खिलाफ पोस्टरबाजी, इस्तीफे की मांग से गरमाई सियासत
कोलकाता, 26 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की राजनीति में पोस्टरबाजी को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। प्रसून बनर्जी के बाद अब राज्य के विपक्षी दल के नेता ऋतब्रत बनर्जी के नाम पर पोस्टर लगाए गए हैं। गुरुवार को कोलकाता प्रेस क्लब के ठीक पास इन पोस्टरों के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है।
पोस्टरों में समाजवादी पार्टी का नाम दर्ज है और ऋतब्रत बनर्जी से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की गई है। पोस्टर के जरिए सवाल उठाया गया है कि जनता ने जिस पार्टी के उम्मीदवार के रूप में उन्हें वोट देकर जिताया, उसी जनादेश के बाद वे दूसरी पार्टी में क्यों चले गए? पोस्टरों में 'हमारे वोट से जीतकर दूसरी पार्टी में क्यों गए?' जैसे सवाल उठाते हुए उनके राजनीतिक रुख पर निशाना साधा गया है।
इसके साथ ही पोस्टरों में 'तत्काल उलूबेड़िया पूर्व से हटो' की मांग भी की गई है। कोलकाता प्रेस क्लब जैसे महत्वपूर्ण स्थान के पास इस तरह के पोस्टर लगाए जाने से राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले प्रसून बनर्जी के नाम पर भी पोस्टर सामने आए थे। अब ऋतब्रत बनर्जी को निशाना बनाकर पोस्टर लगाए जाने से राज्य की राजनीति में पोस्टर वार की चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, पोस्टर किसने लगाए और इसके पीछे किन लोगों की भूमिका है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

