home page

रिषड़ा में दीवार लेखन को लेकर भाजपा-तृणमूल कार्यकर्ताओं में झड़प

 | 
रिषड़ा में दीवार लेखन को लेकर भाजपा-तृणमूल कार्यकर्ताओं में झड़प


हुगली, 22 मार्च (हि. स.)। हुगली जिले के रिषड़ा में रविवार को दीवार लेखन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।

घटना रिषड़ा के 19 नंबर वार्ड के ताड़ बागान इलाके की है, जहां एक दीवार पर कब्जे को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

तृणमूल युवा कांग्रेस के नेता विशाल सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी ने दीवार के मालिक से अनुमति लेकर उस पर सफेदी कराई थी और तृणमूल उम्मीदवार तन्मय घोष के प्रचार के लिए दीवार लेखन की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान भाजपा के कुछ कार्यकर्ता वहां पहुंचे और दीवार पर भाजपा लिखने लगे।

उन्होंने कहा कि जब तृणमूल के वार्ड सचिव हरेंद्र तिवारी और उन्होंने इसका विरोध किया, तो भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ तीखी बहस हो गई, जो बाद में धक्का-मुक्की में बदल गई।

विशाल सिंह का आरोप है कि इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता सत्येंद्र सिंह ने उनके साथ मारपीट की।

हालांकि, स्थानीय लोगों की मध्यस्थता के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

सूचना मिलने पर श्रीरामपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

इस संबंध में भाजपा के आरोपित नेता का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका जवाब नहीं मिल सका।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय