रिषड़ा में 15 एकड़ सरकारी जमीन का मंत्री ने किया निरीक्षण, दो-तीन दिनों में सरकार लेगी संरक्षण में
हुगली, 24 अगस्त (हि. स.)। रिषड़ा थाना संलग्न इलाके में लंबे समय से खाली पड़ी करीब 15 एकड़ सरकारी जमीन का सोमवार को पश्चिम बंगाल सरकार के राज्यमंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने निरीक्षण किया। सोमवार सुबह मंत्री रिषड़ा थाने पहुंचे, जहां उन्होंने बीएलए सहित विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने थाना भवन की छत से पूरे जमीन क्षेत्र का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने जमीन की सीमा पर बांस लगाकर क्षेत्र को चिह्नित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि करीब 15 एकड़ सरकारी जमीन लंबे समय से खाली पड़ी है। मंत्री ने बताया कि अगले दो-तीन दिनों के भीतर इस जमीन को सरकार अपने संरक्षण में ले लेगी।
मंत्री के मुताबिक, जमीन को सरकार के संरक्षण में लेने के बाद जनहित में इसके इस्तेमाल की योजना तैयार की जाएगी। यहां मेडिकल कॉलेज, स्टेडियम समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं विकसित करने की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता इस जमीन को सुरक्षित कर इसका इस्तेमाल आम लोगों के कल्याण के लिए करना है। इस दिशा में प्रशासनिक स्तर पर तेजी से काम शुरू किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

