home page

रिषड़ा में चार तृणमूल नेताओं की गिरफ्तारी से गरमाई सियासत, ममता की रैली से पहले राजनीतिक हलचल

 | 
रिषड़ा में चार तृणमूल नेताओं की गिरफ्तारी से गरमाई सियासत, ममता की रैली से पहले राजनीतिक हलचल


हुगली, 09 सितंबर (हि. स.)। रिषड़ा में चार तृणमूल नेताओं की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। गिरफ्तार नेताओं में हर्ष बनर्जी, मनोज गोस्वामी, प्रकाश साह और बाबू सरकार शामिल हैं। पुराने मामलों में हुई इस कार्रवाई के बाद सभी आरोपितों को पुलिस हिरासत की मांग के साथ बुधवार को श्रीरामपुर महकमा अदालत में पेश किया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार नेताओं के खिलाफ अवैध वसूली, हत्या के प्रयास समेत कई संगीन मामलों में आरोप हैं। ममता बनर्जी की प्रस्तावित रैली से पहले हुई इन गिरफ्तारियों को लेकर अब सियासत भी गरमा गई है।

इस मामले पर पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने कहा कि पुलिस प्रशासन अब नियमानुसार काम कर रहा है और प्रदेश में कानून का राज स्थापित है।

उन्होंने कहा किपहले की तरह शासक का कानून नहीं चल रहा है। जनता देख रही है, जो हो रहा है, वह ठीक हो रहा है। यदि कोई निर्दोष है तो कानून उसे छोड़ देगा। कोर्ट और पुलिस हमारी नहीं है।

वहीं, भाजपा विधायक दिलीप सिंह ने विपक्षी नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग खुद हार चुके हैं और जिन्हें उनकी पार्टी से निकाल दिया गया है, उन्हें इस तरह की बातें शोभा नहीं देतीं।

उन्होंने कहा कि जिनके पूरे सिस्टम में भ्रष्टाचार हो, वे दूसरों पर सवाल नहीं उठा सकते। दिलीप सिंह ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि वे बंगाल की जनता के दिल में बसते हैं और राज्य को विकसित बंगाल बनाने का काम करेंगे।

गिरफ्तारी को लेकर उठ रहे राजनीतिक सवालों पर भाजपा विधायक ने पलटवार करते हुए कहा कि पुलिस की कार्रवाई कानून के अनुसार हो रही है और इसका किसी प्रस्तावित रैली से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि समय आने पर सांसद, भतीजे और अन्य लोगों के खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।

चार तृणमूल नेताओं की गिरफ्तारी के बाद रिषड़ा की राजनीति में एक बार फिर तनाव और बयानबाजी तेज हो गई है। अब इस मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई और अदालत के फैसले पर सबकी नजर बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय