home page

रिषड़ा की शुभम तेल मिल का निरीक्षण, तेल का नमूना जांच के लिए भेजा गया

 | 
रिषड़ा की शुभम तेल मिल का निरीक्षण, तेल का नमूना जांच के लिए भेजा गया


हुगली, 03 नवंबर (हि. स.)। तेल मिल में तैयार होने वाले खाद्य तेल की गुणवत्ता और सुरक्षा की जांच के लिए मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने रिषड़ा नगरपालिका के साथ मिलकर अभियान चलाया। इस दौरान रिषड़ा के पी.सी. दा बाजार स्थित शुभम तेल मिल का निरीक्षण किया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ रिषड़ा नगरपालिका के नोडल अधिकारी असितव गांगुली मिल पहुंचे और वहां की स्थिति का जायजा लिया। अभियान के दौरान रिषड़ा थाने की पुलिस भी मौजूद रही।

नगरपालिका का दावा है कि मिल प्रबंधन को पहले भी तीन बार नोटिस दिया जा चुका है, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं किया गया।

नोडल अधिकारी असितव गांगुली ने बताया कि अब मिल को बंद करने का नोटिस जारी किया जाएगा। हालांकि, नगरपालिका के निर्देशों के अनुसार उचित व्यवस्था करने पर प्रबंधन को मिल दोबारा खोलने की अनुमति दी जा सकती है।

अधिकारियों ने मिल में उत्पादित तेल की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूना भी एकत्र किया है। इसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही तेल की गुणवत्ता को लेकर कोई निष्कर्ष निकाला जा सकेगा।

प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मिल में तैयार होने वाला तेल आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित है या नहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय