रिषड़़ा में जगद्धात्री पूजा के गाइड मैप का उद्घाटन, तैयारियों में जुटा प्रशासन
हुगली, 17 नवंबर (हि. स.)। हुगली जिले के रिषड़ा में पारंपरिक जगद्धात्री पूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा के लिए मंगलवार को रिषड़ा जगद्धात्री पूजा के विशेष गाइड मैप का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
इस गाइड मैप के माध्यम से पूजा घूमने आने वाले लोग विभिन्न प्रमुख पूजा पंडालों की सही स्थिति, वहां पहुंचने के रास्ते और आवश्यक सेवाओं से जुड़ी जानकारियां आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
उद्घाटन समारोह में स्थानीय विधायक एवं राज्य के मंत्री भास्कर भट्टाचार्य, रिषड़ा जगद्धात्री सेंट्रल कमेटी की अध्यक्ष शशि सिंह झा, रिषड़ा थाना प्रभारी परमेश्वर प्रामाणिक तथा चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के श्रीरामपुर के पुलिस उपायुक्त सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
पजा के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा दूसरे जिलों से भी लाखों की संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं। ऐसे में गाइड मैप से श्रद्धालुओं को पूजा पंडालों तक पहुंचने और पूजा घूमने में काफी सुविधा मिलेगी।
वहीं, पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियंत्रित करने और उत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रीय पूजा समिति और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल पर भी जोर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

