home page

अपडेट : रिषड़ा नगरपालिका के नोडल अधिकारी के घर पर हमले और फायरिंग का आरोप, अशिताभ गांगुली ने किया फेसबुक पोस्ट

 | 
अपडेट : रिषड़ा नगरपालिका के नोडल अधिकारी के घर पर हमले और फायरिंग का आरोप, अशिताभ गांगुली ने किया फेसबुक पोस्ट


हुगली, 09 नवंबर (हि. स.)। रिषड़ा नगरपालिका के नोडल अधिकारी अशिताभ गांगुली के घर पर कथित हमले और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने सोमवार दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संजीव सिकदार और कौशिक आइच के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस मामले में सोमवार शाम हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत के दौरान अशिताभ गांगुली ने बताया कि उनके घर पर गोली चलने की घटना को लेकर वह पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं। हालांकि, उन्होंने अपने साथ गाली-गलौज किए जाने और घर में तोड़फोड़ होने की बात कही।

गांगुली के अनुसार, उन्होंने इस संबंध में रिषड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस की ओर से उन्हें काफी सहयोग मिला है और वे इस मामले में पुलिस की कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्ट हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले अशिताभ गांगुली ने सोशल मीडिया पर एक फेसबुक पोस्ट साझा कर देर रात अपने घर पर कुछ लोगों के पहुंचने, गाली-गलौज करने और तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाया था। अपने शुरुआती पोस्ट में उन्होंने गोली चलाए जाने की आशंका भी जताई थी। पोस्ट के मुताबिक, कथित घटना रात करीब दो से 2:30 बजे के बीच रिषड़ा के पद्मपुकुर इलाके में हुई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय