home page

प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में ऋचा घोष का नाम विचाराधीन, चुनावी प्रक्रिया पर उठे सवाल

 | 
प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में ऋचा घोष का नाम विचाराधीन, चुनावी प्रक्रिया पर उठे सवाल


सिलीगुड़ी, 01 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में शनिवार को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। सिलीगुड़ी की अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त महिला क्रिकेटर ऋचा घोष के नाम के आगे विचाराधीन दर्ज होने से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है।

अंतिम मतदाता सूची सार्वजनिक होते ही यह मामला सामने आया, जिसके बाद विभिन्न राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए।

ऋचा के पिता मानवेन्द्र घोष ने बताया कि ऋचा साल के अधिकांश समय राज्य या देश से बाहर क्रिकेट के सिलसिले में रहती है। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान उनके नाम पर सुनवाई का नोटिस जारी हुआ था। वार्ड के बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) ने आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन जमा किए, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। अंतिम सूची प्रकाशित होने के बाद भी ऋचा और उनकी दीदी का नाम विचाराधीन बना हुआ है।

इधर, रविवार सुबह 19 नंबर वार्ड की वाम पार्षद मौसमी हाजरा ऋचा के घर पहुंची और चुनाव आयोग के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह शर्मनाक है कि जिसने देश का नाम रोशन किया, उसका नाम ही वोटर सूची में विचाराधीन है। अगर ऐसी स्थिति एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी की है तो आम लोगों की स्थिति क्या होगी।

वहीं, सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव ने कहा कि ऋचा सिर्फ सिलीगुड़ी ही नहीं, पूरे भारत का गौरव है। यह चुनाव आयोग की लापरवाही का उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहा है। इस पूरे मामले की जानकारी पार्टी नेतृत्व को दे दी गई है।

प्रशासन की ओर से सफाई दी गई है कि संभवतः निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं होने के कारण यह स्थिति बनी है। सिलीगुड़ी महकमा प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच कर शीघ्र समाधान किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार