फालाकाटा के रिहायशी इलाके में घुसी मादा गैंडा की मौत
अलीपुरद्वार,11 अगस्त (हि. स.)। जिले के फालाकाटा में उस समय हड़कंप मच गया, जब जंगल से निकलकर एक मादा गैंडा अपने शावक के साथ रिहायशी इलाके में घुस गई। कुंजनगर गांव में शिक्षक के घर में घुसकर मादा गैंडे ने जमकर उत्पात मचाया। कई सामान और घर का हिस्सा क्षतिग्रस्त करने के बाद वह बुरी तरह थक गई और एक बागान में उसकी मौत हो गई। वन विभाग की प्रारंभिक जांच में अत्यधिक थकान के कारण हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब सात बजे कुंजनगर के जंगल से दो गैंडे निकलकर सीधे आबादी वाले इलाके में पहुंच गए। इनमें एक मादा गैंडा और उसका शावक शामिल था। दोनों कुंजनगर गांव के निवासी शिक्षक सुशील कुमार सिन्हा के घर में घुस गए। मादा गैंडा आक्रामक हो गई और घर के आसपास जमकर तोड़फोड़ की। उसके उत्पात में दो ट्यूबवेल, दो साइकिल, दो सिलाई मशीन और एक लकड़ी की चौकी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई। इतना ही नहीं, उसने पक्की दीवार तक तोड़ दी।
जलदापाड़ा वन विभाग के प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, अत्यधिक थकान के कारण मादा गैंडे को हार्ट अटैक आया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मादा गैंडे का शव बरामद किया। साथ ही गैंडे के शावक को वन कर्मियों ने सुरक्षित अपने कब्जे में लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

