home page

आरजी कर जैसी घटनाएं रोकने के लिए आध्यात्मिक जागरण जरूरी : शुभेंदु अधिकारी

 | 
आरजी कर जैसी घटनाएं रोकने के लिए आध्यात्मिक जागरण जरूरी : शुभेंदु अधिकारी


कोलकाता, 12 अगस्त (हि. स.)। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को आद्यापीठ में कहा कि आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हुई दुष्कर्म और हत्या जैसी घटनाओं से समाज को बचाने के लिए धार्मिक एवं आध्यात्मिक जागरण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोगों में पापबोध और अच्छे-बुरे का विवेक जगाने के लिए गीता का अध्ययन कराया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समझदार और जिम्मेदार मनुष्य बनने के लिए धार्मिक तथा आध्यात्मिक चेतना जरूरी है। इससे व्यक्ति में पाप का बोध पैदा होता है और वह गलत कार्यों से दूर रहने का प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि आर.जी. कर जैसी घटना को रोकने के लिए लोगों को गीता पढ़ानी चाहिए और उनका आध्यात्मिक जागरण करना चाहिए।

उन्होंने भगवा रंग के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवा केवल धर्म या राजनीति का रंग नहीं है। यह शौर्य, त्याग, कर्तव्य, तपस्या और संयम का प्रतीक है। समाज में इन मूल्यों को स्थापित करने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल केवल संस्कृति की राजधानी नहीं, बल्कि आध्यात्मिकता की भी राजधानी है। अनेक महान संत और मनीषियों ने इस भूमि पर जन्म लेकर आध्यात्मिक जागरण का संदेश दिया है।

उन्होंने कहा कि केवल माथे पर चंदन लगाने से काम नहीं चलेगा। धार्मिक और आध्यात्मिक संस्थाओं को मजबूत करने तथा उनके विकास के लिए भी प्रयास करना होगा।

मुख्यमंत्री ने आद्यापीठ के विकास में सहयोग का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि आद्यापीठ के महाराज ने उन्हें बताया है कि यहां के शिक्षण संस्थान आर्थिक कठिनाइयों से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्थानों के लिए जो संभव होगा, वह किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि कम बोलना और अधिक काम करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता