home page

आरजी कर अस्पताल में लापरवाही का आरोप, मरीज की मौत

 | 
आरजी कर अस्पताल में लापरवाही का आरोप, मरीज की मौत


कोलकाता, 23 मार्च (हि. स.)। कोलकाता के आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक बार फिर अव्यवस्था के गंभीर आरोप सामने आए हैं। सोमवार को एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतक की पहचान विश्वजीत सामंत के रूप में हुई है।

परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान उन्हें शौचालय जाने के लिए स्ट्रेचर तक उपलब्ध नहीं कराया गया। कमजोर हालत में खुद चलकर शौचालय जाने की कोशिश के दौरान वे गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।

परिवार के अनुसार, विश्वजीत को सांस लेने में दिक्कत और नाक से रक्तपात की शिकायत के साथ अस्पताल लाया गया था। रात में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत कुछ स्थिर हुई, लेकिन जब उन्होंने शौचालय जाने की इच्छा जताई तो पास में कोई सुविधा उपलब्ध नहीं थी। आरोप है कि अस्पताल कर्मियों ने उन्हें बाहर या दूसरी मंजिल पर जाने को कहा, लेकिन वहां ले जाने के लिए स्ट्रेचर भी नहीं दिया गया।

मृतक की पत्नी इला सामंत ने बताया कि उन्हें थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन जब उन्होंने शौचालय जाने की बात कही तो किसी ने मदद नहीं की। बीमार व्यक्ति को पैदल जाने के लिए मजबूर किया गया, जिससे यह हादसा हुआ।

मृतक के बेटे विशाल सामंत ने कहा कि पास में शौचालय नहीं था। डॉक्टर ने बाहर या दूसरी मंजिल पर जाने को कहा। हम उन्हें किसी तरह ऊपर ले जा रहे थे, तभी वे अचानक गिर पड़े। अगर स्ट्रेचर या पास में शौचालय होता, तो शायद उनकी जान बच सकती थी।

घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। टाला थाना में इस मामले में अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

गौरतलब है कि यह अस्पताल हाल के दिनों में लगातार विवादों में रहा है। कुछ दिन पहले ही डुमडुम निवासी अरूप बनर्जी की अस्पताल के ट्रॉमा केयर भवन की लिफ्ट में फंसने से मौत हो गई थी। अगस्त 2024 में इसी अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात एक महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए थे।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने अस्पताल की व्यवस्था, रखरखाव और मरीजों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता