home page

आरजी कर कांड की दूसरी बरसी आज, सरकारी अस्पतालों में दो मिनट का मौन रख कर पीड़िता को दी जाएगी श्रद्धांजलि

 | 
आरजी कर कांड की दूसरी बरसी आज, सरकारी अस्पतालों में दो मिनट का मौन रख कर पीड़िता को दी जाएगी श्रद्धांजलि


कोलकाता, 09 अगस्त (हि.स.)। आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला चिकित्सक के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना की दूसरी बरसी पर रविवार को पूरे पश्चिम बंगाल के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में दो मिनट का मौन रखा जाएगा। इस दौरान दीप जलाकर पीड़िता को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

सरकार के निर्देश के अनुसार रविवार सुबह 11 बजे राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सरकार का दावा है कि आरजी कर पीड़िता की स्मृति में पहली बार सरकारी स्तर पर इस तरह का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

पीड़िता की स्मृति में उत्तर 24 परगना के पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र में भी रविवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम पानीहाटी के लोक संस्कृति भवन में होगा। इसमें पीड़िता के परिवार के सदस्य शामिल होंगे। कार्यक्रम पीड़िता के नाम पर गठित न्यास के बैनर तले आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी इसमें शामिल होंगे। पीड़िता की मां वर्तमान में पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हैं।

उल्लेखनीय है कि 9 अगस्त 2024 को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के आपातकालीन विभाग में महिला चिकित्सक के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। घटना सामने आने के बाद पूरे देश में आक्रोश फैल गया था। न्याय की मांग को लेकर बंगाल समेत देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन, रात्रि जागरण, भूख हड़ताल और जुलूस आयोजित किए गए थे।

घटना के बाद राज्य पुलिस ने कोलकाता पुलिस के नागरिक स्वयंसेवक संजय रॉय को गिरफ्तार किया था। बाद में कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश पर मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो को सौंप दी गई। जांच के बाद सियालदह अदालत में मुकदमा चला और संजय रॉय को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।

मामले में अब तक संजय रॉय के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हुई है। हाल में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने सियालदह अदालत में जांच की स्थिति रिपोर्ट पेश की। एजेंसी ने अदालत को बताया कि मामले की आगे की जांच के लिए नया जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।

पहले सीमा पाहुजा मामले की जांच अधिकारी थीं। अब संदीपनी गर्ग को जांच की जिम्मेदारी दी गई है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो के संयुक्त निदेशक अनुराग कुमार के नेतृत्व में नई जांच टीम गठित की गई है। टीम घटनास्थल के साथ पानीहाटी स्थित श्मशान घाट का भी दौरा कर चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर