home page

‘आदिवासियों और सनातनियों की जमीन वापस कराएंगे’, चोपड़ा के विधायक के पुराने मामले खोलने का शुभेंदु अधिकारी ने दिया निर्देश

 | 
‘आदिवासियों और सनातनियों की जमीन वापस कराएंगे’, चोपड़ा के विधायक के पुराने मामले खोलने का शुभेंदु अधिकारी ने दिया निर्देश


उत्तर दिनाजपुर, 29 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने चोपड़ा के विधायक हामिदुल रहमान पर जमीन कब्जाने के आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ दर्ज पुराने मामलों की फाइलें दोबारा खोलने का निर्देश दिया है। गुरुवार को रायगंज में आयोजित जनसभा से मुख्यमंत्री ने पुलिस को आदिवासियों और सनातनियों की कथित रूप से कब्जाई गई जमीन वापस दिलाने तथा भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

उन्होंने चोपड़ा के विधायक पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘माफिया’ और ‘गुंडा’ भी कहा। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में 34 वर्षों के वामपंथी शासन और 15 वर्षों के तृणमूल शासन के दौरान आदिवासियों और सनातनियों की जमीन पर कब्जा किया गया। उन्होंने पुलिस को ऐसी जमीनों की पहचान कर उन्हें वापस दिलाने का निर्देश दिया है। साथ ही, सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण पाए जाने पर उसे हटाने की बात कही है। उन्होंने चोपड़ा, इस्लामपुर, गोआलपोखर और चाकुलिया में कथित तौर पर कब्जाई गई चाय बागानों की जमीन को भी मुक्त कराने का निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री ने इस्लामपुर के एसपी, डीआईजी और आईजी को भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए कहा कि वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव और पंचायत चुनाव के बाद कथित तौर पर अत्याचार करने वालों के खिलाफ नए सिरे से एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अगली बैठक चोपड़ा-इस्लामपुर क्षेत्र में करेंगे और वहां की स्थिति की समीक्षा करेंगे।

गौरतलब है कि चोपड़ा के विधायक हामिदुल रहमान ने मंगलवार को ऋतब्रत बनर्जी के खेमे से अलग होकर ममता बनर्जी के समर्थन में लौटने की बात कहा था। वहीं, गुरुवार को रायगंज में मुख्यमंत्री की सभा में गोआलपोखर के विधायक गुलाम रब्बानी और चाकुलिया के विधायक मिनहाजुल अरफिन आजाद अनुपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार