home page

तृणमूल आने पर हटे नाम फिर जोड़ेंगे : अभिषेक बनर्जी

 | 
तृणमूल आने पर हटे नाम फिर जोड़ेंगे : अभिषेक बनर्जी


उत्तर 24 परगना, 13 अप्रैल (हि. स.)। जिले के बादुड़िया में आयोजित जनसभा से अभिषेक बनर्जी ने सोमवार को वादा किया कि सत्ता में आने के बाद मतदाता सूची से छूटे सभी नाम फिर से जोड़े जाएंगे। उन्होंने कहा कि चार मई को तृणमूल कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद जिन लोगों के नाम जबरन काट दिए गए हैं, उन्हें फिर से सूची में शामिल किया जाएगा।

तृणमूल प्रत्याशी लिटन के समर्थन में आयोजित जनसभा में शामिल अभिषेक बनर्जी ने कहा कि जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर पार्टी सुप्रीम कोर्ट में कानूनी लड़ाई लड़ रही है। उनके अनुसार, न्यायाधीशों ने भी सवाल उठाया है कि जिनके नाम स्पष्ट नहीं हुए, उन्हें मतदान के अधिकार से वंचित क्यों किया जाएगा।

उन्होंने दावा किया कि उत्तर २४ परगना जिले की बादुड़िया विधानसभा सीट इस बार जीत के अंतर के मामले में जिले में पहला स्थान हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि इस बार बादुड़िया में जीत का अंतर ६० हजार से अधिक होगा। जिस तरह डायमंड हार्बर के विकास की जिम्मेदारी उन्होंने ली है, उसी तरह बादुड़िया के समग्र विकास की जिम्मेदारी भी वह स्वयं उठाएंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि वे लिटन को जीत दिलाएं, बाकी विकास की जिम्मेदारी वे खुद संभालेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार ने इस वर्ष के बजट में किसानों के लिए ५० नए कोल्ड स्टोरेज बनाने की घोषणा की है। लिटन के जीतने के बाद जून–जुलाई से बादुड़िया में एक विशेष कोल्ड स्टोरेज का निर्माण शुरू किया जाएगा, जिससे सजन की डंठल, आलू और मटर सहित विभिन्न सब्जियों को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।

अभिषेक बनर्जी ने कहा कि यह चुनाव केवल जीत का चुनाव नहीं है, बल्कि भारतीय जनता पार्टी को सबक सिखाने का भी चुनाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के ७९ वर्ष बाद भी लोगों से नागरिकता का प्रमाण मांगा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता इसका जवाब देगी।

साथ ही उन्होंने कहा कि आईएसएफ और एआईएमआईएम जैसी पार्टियों की कोई ताकत नहीं है और केवल तृणमूल कांग्रेस ही मजबूती से भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता