home page

रासबिहारी के रेस्तरां में लगी आग, दमकल ने पाया काबू

 | 
रासबिहारी के रेस्तरां में लगी आग, दमकल ने पाया काबू


कोलकाता, 18 नवंबर (हि. स.)। कोलकाता के रासबिहारी इलाके में बुधवार सुबह एक रेस्तरां में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग चायग्राम कैंटीन नामक रेस्तरां में लगी। सुबह करीब आठ बजे रेस्तरां से काला धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों और आसपास के दुकानदारों ने आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना पाकर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब आठ बजे रेस्तरां से अचानक काला धुआं निकलने लगा। उस समय दुकान का शटर बंद था। धुआं देखकर आसपास के दुकानदारों ने शटर खोलने का प्रयास किया और तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर शटर काटा और भीतर प्रवेश कर आग बुझाई।

आग की चपेट में आने से रेस्तरां के भीतर लगी चिमनी का हिस्सा पूरी तरह जल गया। दमकल कर्मी आग बुझाने के बाद भी भीतर किसी स्थान पर आग सुलगने की आशंका को देखते हुए जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय रेस्तरां के भीतर कोई मौजूद नहीं था। आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। रेस्तरां में कई गैस सिलेंडर भी रखे हुए थे। आग की लपटों से एक सिलेंडर का बाहरी हिस्सा कुछ हद तक प्रभावित हुआ, लेकिन उसमें आग नहीं लगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग गैस सिलेंडरों तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। आसपास कई दुकानें होने के कारण आग फैलने से व्यापक नुकसान की आशंका थी।

हालांकि, दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता