home page

हिली में पंचायत समिति को बड़ा झटका, अध्यक्ष समेत छह सदस्यों का इस्तीफा

 | 
हिली में पंचायत समिति को बड़ा झटका, अध्यक्ष समेत छह सदस्यों का इस्तीफा


दक्षिण दिनाजपुर, 29 जून (हि. स.)। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद अब इसका असर दक्षिण दिनाजपुर जिले के हिली क्षेत्र में भी देखने को मिला है। सोमवार को हिली पंचायत समिति के छह सदस्यों ने एक साथ अपने पद से इस्तीफा दे दिया। सभी ने दोपहर में उपमंडल अधिकारी (एसडीओ) को अपना इस्तीफा सौंपा।

हिली पंचायत समिति में कुल 14 सीटें हैं। वर्ष 2023 के पंचायत चुनाव में 11 सीटों पर तृणमूल कांग्रेस, दो पर भाजपा और एक पर माकपा ने जीत दर्ज की थी। तृणमूल ने स्पष्ट बहुमत के साथ बोर्ड का गठन किया था, लेकिन राज्य में नई सरकार बनने के बाद स्थानीय स्तर पर राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं।

इस्तीफा देने वालों में पंचायत समिति की अध्यक्ष सरस्वती सरकार मंडल, सह-अध्यक्ष तापस बर्मन, लोक निर्माण विभाग के अध्यक्ष मिहिर सरकार, वन एवं भूमि विभाग के अध्यक्ष मिंटू सरकार, कृषि विभाग के अध्यक्ष नासिर मंडल तथा मत्स्य विभाग की अध्यक्ष मौसमी खातून शामिल हैं। सभी ने अपने इस्तीफे में व्यक्तिगत और पारिवारिक कारणों का हवाला दिया है।

अध्यक्ष सरस्वती सरकार मंडल ने कहा कि उन्होंने किसी दबाव में आकर इस्तीफा नहीं दिया, बल्कि पारिवारिक समस्याओं के कारण यह निर्णय लिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र के अधूरे विकास कार्य पूरे होंगे।

वहीं सह-अध्यक्ष तापस बर्मन ने कहा कि वे शारीरिक, मानसिक और पारिवारिक समस्याओं से जूझ रहे हैं। इसलिए उन्होंने पद छोड़ने का फैसला किया।

हालांकि, पंचायत समिति के सभी सदस्य इस्तीफा नहीं दे रहे हैं। 11 तृणमूल सदस्यों में से अभी भी पांच सदस्य अपने पद पर बने हुए हैं।

जनस्वास्थ्य एवं पर्यावरण विभाग की अध्यक्ष दीपिका बर्मन ने कहा कि उन्हें भी इस्तीफा देने का प्रस्ताव मिला था, लेकिन उन्होंने इसे अस्वीकार कर दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल वे पद पर बनी रहेंगी और आगे की परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेंगी।

इस घटनाक्रम के बाद हिली पंचायत समिति के भविष्य को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार