home page

सिलीगुड़ी में 58 सड़कों की मरम्मत की तैयारी, नागरिक शिकायतों के लिए व्हाट्सएप नंबर भी जारी

 | 
सिलीगुड़ी में 58 सड़कों की मरम्मत की तैयारी, नागरिक शिकायतों के लिए व्हाट्सएप नंबर भी जारी


सिलीगुड़ी, 19 नवंबर (हि. स.)। त्योहारी सीजन के खत्म होते ही सिलीगुड़ी शहर की सड़कों की मरम्मत के काम में तेजी लाने की तैयारी नगर निगम प्रशासन ने शुरू कर दी है। शहर की खस्ताहाल सड़कों को लेकर लंबे समय से मिल रही नागरिकों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए लगभग 32 से 33 करोड़ रुपये की लागत से कुल 58 सड़कों की मरम्मत की पहल की गई है। आगामी सात से 10 दिनों के भीतर यह काम शुरू होने की जानकारी पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने दी।

गुरुवार को सिलीगुड़ी नगर निगम में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान मंत्री ने बताया कि नवंबर और दिसंबर महीने के भीतर ही शहर की सड़कों से जुड़ी नागरिकों की शिकायतों को काफी हद तक कम करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी उद्देश्य से जल्द सड़क मरम्मत का काम शुरू करने की तैयारी चल रही है। शहर की कई अहम सड़कों को दुरुस्त कर आम लोगों की आवाजाही की समस्या को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

इस संवाददाता सम्मेलन में सड़क मरम्मत के साथ-साथ नगर निगम की बिल्डिंग प्लान स्वीकृति, पार्किंग व्यवस्था और राजस्व वसूली को लेकर भी कई अहम कदमों का जिक्र मंत्री ने किया। खास तौर पर बिना टेंडर के पार्किंग शुल्क वसूलने के मामले को लेकर उन्होंने कड़े रुख की बात कही। नियमों के मुताबिक पार्किंग व्यवस्था संचालित करने और नगर निगम की राजस्व वसूली में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया गया।

इसके अलावा शहर की नागरिक सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए शिकायत दर्ज कराने के लिए एक व्हाट्सएप नंबर भी शुरू करने की घोषणा मंत्री ने की। नागरिक अपने इलाके की समस्याओं और विभिन्न सेवाओं से जुड़ी शिकायतें 9046004660 नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से भेज सकेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार