डीएमई इंद्रजीत साहा को हटाने की मांग, मुख्यमंत्री को पत्र
कोलकाता, 11 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के डायरेक्टर ऑफ मेडिकल एजुकेशन (डीएमई) डॉ. इंद्रजीत साहा को तत्काल बर्खास्त करने की मांग उठी है। पीपुल्स फॉर बेटर ट्रीटमेंट (पीबीटी) के अध्यक्ष डॉ. कुनाल साहा ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को पत्र लिखकर इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है।
डॉ. कुनाल साहा ने पत्र में आरोप लगाया है कि डॉ. इंद्रजीत साहा का अतीत विवादों से घिरा रहा है और उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री व तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री ममता बनर्जी के साथ निकट संबंधों के कारण डीएमई जैसे महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया था।
पत्र में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट में दायर एक स्पेशल लीव पिटीशन के दौरान डॉ. इंद्रजीत साहा ने हलफनामे में कथित रूप से गलत जानकारी दी थी। यह मामला डॉक्टर सुकुमार मुखर्जी को पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विभाग का ‘मुख्य सलाहकार’ नियुक्त किए जाने से जुड़ा था।
डॉ. कुनाल साहा ने कहा कि उनकी पत्नी अनुराधा साहा की मौत के मामले में चिकित्सा लापरवाही के लिए सुप्रीम कोर्ट ने डॉ. सुकुमार मुखर्जी को दोषी ठहराया था। इसके बावजूद उन्हें स्वास्थ्य विभाग में सलाहकार बनाए जाने को लेकर अदालत में चुनौती दी गई थी।
पीबीटी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि डीएमई पद पर रहते हुए डॉ. इंद्रजीत साहा की भूमिका की जांच कराई जाए और चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। संगठन का कहना है कि स्वास्थ्य व्यवस्था में जनविश्वास बहाल करने के लिए इस मामले में त्वरित कार्रवाई जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

