भाजपा विधायक रेखा पात्र का आरोप - पढ़ी-लिखी नहीं होने के कारण अपमानित किया जाता है
कोलकाता, 12 सितंबर (हि.स.)। हिंगलगंज की भाजपा विधायक रेखा पात्र ने शनिवार सुबह बसीरहाट संगठनात्मक जिला नेतृत्व के खिलाफ खुलकर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि पढ़ाई-लिखाई न जानने का फायदा उठाकर जिला कमेटी के कुछ लोग उन्हें गलत दिशा में चलाते हैं और विभिन्न कार्यक्रमों में बुलाकर उनका अपमान करते हैं।
पत्रकारों से बातचीत में रेखा पात्र ने कहा कि जिला नेतृत्व की वजह से उन्हें कई बार गलत तरीके से निर्देशित किया जाता है, इसलिए वह जिले के कार्यक्रमों में नहीं जातीं और अपने विधानसभा क्षेत्र में रहकर काम करती हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का ध्यान आकर्षित किया गया है और अब फैसले की जिम्मेदारी पार्टी पर छोड़ दी गई है।
रेखा पात्र ने कहा, “मैं पढ़ाई नहीं जानती, इसलिए बसीरहाट संगठनात्मक जिला कमेटी मुझे गलत रास्ते पर चलाती है। हमेशा मेरा अपमान किया जाता है। कार्यक्रम में बुलाकर भी अपमानित किया जाता है, जो मुझे पसंद नहीं है।”
उन्होंने कहा कि वह अपने विधानसभा क्षेत्र हिंगलगंज में लगातार लोगों के बीच काम करती हैं। उनके अनुसार, मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को उनके कार्यक्रमों की पूरी जानकारी रहती है, हालांकि वह हर गतिविधि को सोशल मीडिया पर प्रचारित करने में विश्वास नहीं रखतीं। उन्होंने कहा कि उनके कार्यालय में सुबह पांच बजे से शाम पांच बजे तक लोगों की भीड़ रहती है और लोग अपनी विभिन्न समस्याएं लेकर उनके पास पहुंचते हैं।
हालांकि, विधायक ने पार्टी पर भरोसा खोने की बात से इनकार किया। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक स्तर पर कुछ लोगों के व्यवहार से पार्टी का काम प्रभावित नहीं होता और पार्टी अपने तरीके से आगे बढ़ती रहेगी।
वहीं, रेखा पात्र के आरोपों को बसीरहाट भाजपा संगठनात्मक जिला नेतृत्व ने स्वीकार नहीं किया। संगठनात्मक जिला अध्यक्ष सुकल्याण वैद्य ने कहा कि विधायक के रूप में रेखा पात्र को उनका उचित सम्मान देने का हमेशा प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि विधायक को किसी बात का बुरा लगा है तो पार्टी के वरिष्ठ नेता मामले को देख रहे हैं और उनके निर्देश के अनुसार आगे काम किया जाएगा।
उन्होंने आगामी पंचायत चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी को आगे एकजुट होकर चुनावी लड़ाई लड़नी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

