home page

कोलकाता में स्वतंत्रता दिवस परेड में दिखेंगी केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की झलक, 11 झांकियां होंगी आकर्षण का केंद्र

 | 
कोलकाता में स्वतंत्रता दिवस परेड में दिखेंगी केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की झलक, 11 झांकियां होंगी आकर्षण का केंद्र


कोलकाता, 05 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार बनने के बाद पहली बार आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार कोलकाता के रेड रोड पर केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक देखने को मिलेगी। 15 अगस्त को आयोजित परेड में कुल 11 आकर्षक झांकियां (टेबलो) प्रदर्शित की जाएंगी।

सरकारी अधिकारियों के अनुसार, झांकियों में अन्नपूर्णा योजना, पीएम आवास योजना, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, वीबी-जी राम जी एक्ट, 2025 सहित नई राज्य सरकार और केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।

इसके अलावा, भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, योगदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को भी एक विशेष झांकी के माध्यम से दर्शाया जाएगा।

लोक निर्माण, स्वास्थ्य, परिवहन, बिजली और पंचायत सहित राज्य सरकार के 10 विभाग अपनी-अपनी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित झांकियां तैयार कर रहे हैं।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान भी स्वतंत्रता दिवस पर सरकारी योजनाओं पर आधारित झांकियां निकाली जाती थीं, लेकिन उनकी संख्या तीन या चार तक सीमित रहती थी। इस बार झांकियों की संख्या बढ़ाकर 11 कर दी गई है।

रेड रोड पर मुख्य समारोह 15 अगस्त को सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके बाद परेड, झांकियों का प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की भी व्यवस्था की गई है। पूरा कार्यक्रम लगभग एक घंटे तक चलेगा।

समारोह में कोलकाता नगर निगम की विभिन्न जनसेवाओं और सड़क सुरक्षा से जुड़े जागरूकता संदेश भी झांकियों के माध्यम से प्रदर्शित किए जाएंगे।

इस बीच, हाल के दिनों में राज्य में आतंकी हमले की आशंकाओं को देखते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, रेड रोड और आसपास के इलाकों में बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा, उन्नत निगरानी प्रणाली और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर