फोर्ट विलियम के विजय द्वार की गार्डवाल से टकराई बेकाबू कार, चालक हिरासत में
कोलकाता, 21 अगस्त (हि.स.)। कोलकाता के रेड रोड पर शुक्रवार सुबह एक बार फिर तेज रफ्तार और बेकाबू वाहन का मामला सामने आया। एक चार पहिया वाहन फोर्ट विलियम के विजय द्वार के सामने स्थित गार्डवाल से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गार्डवाल का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह टूटकर गिर गया, जबकि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस के अनुसार, वाहन तेज गति से रेड रोड की ओर जा रहा था। फोर्ट विलियम के विजय द्वार के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे बने गार्डवाल से जा भिड़ी। हादसे में चालक को मामूली चोट लगी है और वह सुरक्षित बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने रेड रोड तथा आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन की पहचान की। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
जांचकर्ताओं द्वारा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुर्घटना के समय वाहन की गति कितनी थी और क्या चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। इसके लिए चालक की चिकित्सकीय जांच भी कराई जा रही है। पुलिस हादसे के पीछे किसी अन्य संभावित कारण की भी जांच कर रही है।
अत्यंत संवेदनशील माने जाने वाले रेड रोड और फोर्ट विलियम के आसपास के इलाके में इससे पहले भी सड़क दुर्घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जून में फोर्ट विलियम के सामने एक वाहन की टक्कर से एक पूल कार पलट गई थी, जिसमें तीन स्कूली बच्चे घायल हुए थे।
इससे पहले जनवरी में रेड रोड पर परेड की रिहर्सल के दौरान भी दुर्घटना की घटना सामने आई थी।
लगातार सामने आ रही घटनाओं को देखते हुए रेड रोड और फोर्ट विलियम के आसपास तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण तथा यातायात सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस शुक्रवार सुबह हुए हादसे की विस्तृत जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

