home page

रचना बंद्योपाध्याय ने हरे राम सिंह के समर्थन में की चुनावी सभा

 | 
रचना बंद्योपाध्याय ने हरे राम सिंह के समर्थन में की चुनावी सभा


आसनसोल, 04 अप्रैल (हि.स.)।

बांग्ला चलचित्र जगत की मशहूर मशहूर अभिनेत्री रचना बंद्योपाध्याय ने शनिवार को पश्चिम बर्दवान जिले के जामुडिया विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार हरे राम सिंह के समर्थन में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित किया। जनसभा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और उन्होंने उत्साह के साथ रचना बंद्योपाध्याय का स्वागत किया। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया और सीधे जनता से संवाद स्थापित करते हुए हरे राम सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

अपने संबोधन में रचना बंद्योपाध्याय ने हरे राम सिंह को जामुडिया का अनमोल विधायक बताते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम किया है और जनता की समस्याओं को गंभीरता से उठाया है। उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव सिर्फ एक उम्मीदवार को जिताने का नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास की निरंतरता को बनाए रखने का चुनाव है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिन्ह ‘जोड़ाफूल’ पर वोट देकर हरे राम सिंह को भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि विकास कार्यों की गति और तेज हो सके।

इस अवसर पर पश्चिम बर्दवान जिला परिषद के सभाधिपति विश्वनाथ बाउरी, बोरो चेयरमैन सुब्रत अधिकारी तथा तृणमूल यूथ कांग्रेस के नेता प्रेमपाल सिंह सहित कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने अपने-अपने संबोधन में हरे राम सिंह के कार्यों की सराहना की और जनता से एकजुट होकर उनके समर्थन में मतदान करने की अपील की।

जनसभा के दौरान रचना बंद्योपाध्याय ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह खास तौर पर जमुरिया आई हैं ताकि यहां की जनता से सीधे संवाद कर सकें और उन्हें हरे राम सिंह के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित कर सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि जमुरिया की जनता एक बार फिर विकास और स्थिरता के पक्ष में फैसला करेगी और हरे राम सिंह को भारी मतों से जीत दिलाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा