रायदीघी के मोहब्बत नगर में नाकचोड़ा नदी के तटबंध में दरार
दक्षिण 24 परगना, 17 सितंबर (हि. स.)। जिले के रायदीघी के नंदकुमारपुर पंचायत अंतर्गत मोहब्बत नगर, कैलासपुर और हरिणटाना बाजार के समीप नाकचोड़ा नदी के मिट्टी के तटबंध में बुधवार शाम करीब चार बजे अचानक टूटने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। नदी का पानी गांव में प्रवेश करने से पहले ही प्रशासन सक्रिय हो गया और तत्काल तटबंध की मरम्मत का काम शुरू कराया गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पानी के तेज बहाव के कारण दो बिजली के खंभे भी टूट गए, जिसके चलते इलाके में अंधेरा छा गया। घटना की सूचना पाकर मथुरापुर-2 ब्लॉक प्रशासन और सिंचाई विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। बुधवार शाम से ही आपातकालीन आधार पर जेसीबी की मदद से मिट्टी डालकर तटबंध की मरम्मत शुरू कर दी गई। गुरुवार सुबह तक मरम्मत का अधिकांश काम पूरा कर लिया गया और प्रशासन के अनुसार पानी का रिसाव भी रोक दिया गया है। टूटे हुए बिजली के खंभों की मरम्मत का काम भी शुरू कर दिया गया है।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि करीब छह से सात वर्ष पहले इस इलाके में लगभग 500 से 700 फीट तक तटबंध में कटाव के बाद ‘आइला बांध’ का निर्माण किया गया था। अब उससे करीब 200 फीट की दूरी पर दोबारा दरार दिखाई देने से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फिलहाल प्रशासन जेसीबी से मिट्टी डालकर तटबंध को मजबूत करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन भविष्य में यदि यहां स्थायी और मजबूत कंक्रीट का तटबंध नहीं बनाया गया तो नाकचोड़ा नदी का कटाव गंभीर रूप ले सकता है। ग्रामीणों ने इस संबंध में स्थायी समाधान की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

