राशन डीलर पर मंत्री का एक्शन, शिकायत के बाद गोदाम पर छापेमारी एवं डीलर गिरफ्तार
उत्तर 24 परगना, 13 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के खाद्य मंत्री अशोक कीर्तनिया ने सोमवार को उत्तर 24 परगना जिले के हाबरा के गुमा इलाके में एक राशन डीलर के गोदाम पर औचक निरीक्षण किया। उपभोक्ताओं से दुर्व्यवहार, राशन वितरण में अनियमितता और अन्य कथित अवैध गतिविधियों की शिकायत मिलने के बाद मंत्री ने मौके पर पहुंचकर जांच की। निरीक्षण के बाद उनकी शिकायत पर पुलिस ने राशन डीलर श्यामल साहा को गिरफ्तार कर लिया और गोदाम को सील कर दिया।
श्यामल साहा अशोकनगर विधानसभा क्षेत्र के गूमा इलाके में एक राशन दुकान चलाता है। उसके खिलाफ लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। आरोप है कि वह कई लाभार्थियों को चार-पांच दिन ही नहीं, बल्कि कई मामलों में छह महीने तक राशन नहीं देता था और उनके राशन कार्ड भी अपने पास रखता था।
मंत्री के सामने स्थानीय निवासी दीपा राय, गोपा मंडल सहित कई लोगों ने अपनी शिकायतें रखीं। उनका आरोप था कि डीलर का व्यवहार बेहद खराब है, वह लोगों से अभद्र भाषा में बात करता है, राशन नहीं देता और महीनों तक राशन कार्ड अपने पास रखकर लोगों को परेशान करता है।
हालांकि, श्यामल साहा ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वह नियमित रूप से राशन वितरित करता है। उसके अनुसार, कुछ दिन पहले वह निजी काम से बाहर गया था, इसलिए कुछ लोगों को राशन नहीं मिल पाया। उसने दावा किया कि कुछ लाभार्थी राशन लेने के बजाय उसके बदले नकद राशि की मांग करते हैं और पैसे नहीं देने पर उसके खिलाफ शिकायत करते हैं।
मंत्री अशोक कीर्तनिया ने गोदाम में रखे खाद्यान्न और संबंधित दस्तावेजों की जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डीलर को फटकार लगाते हुए पूछा कि चार महीने पुराना राशन अभी तक गोदाम में क्यों पड़ा है और लाभार्थियों को समय पर राशन क्यों नहीं दिया जा रहा।
मंत्री की फटकार के बाद श्यामल साहा ने कान पकड़कर उठक-बैठक की और माफी भी मांगी, लेकिन इससे उसे राहत नहीं मिली। मंत्री की शिकायत पर अशोकनगर थाना पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राशन गोदाम को भी सील कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

