home page

विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस पहुंचे मुरलीगंज हाई स्कूल, छात्रों का बढ़ाया उत्साह

 | 
विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस पहुंचे मुरलीगंज हाई स्कूल, छात्रों का बढ़ाया उत्साह


सिलीगुड़ी,13 अगस्त (हि.स.)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर से पहले सिलीगुड़ी महकमा के फांसीदेवा मुरलीगंज हाई स्कूल की पहल पर गुरुवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर और नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष रथींद्र बोस मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। स्कूल पहुंचने पर स्पीकर का पारंपरिक धामसा-मादल की धुन के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने स्कूल की शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों की जमकर सराहना की। उन्होंने नए कक्षाओं के उद्घाटन के साथ रक्तदाताओं का उत्साह भी बढ़ाया।

रथींद्र बोस ने कहा कि सरकारी स्कूल होने के बावजूद मुरलीगंज हाई स्कूल जिस तरह से काम कर रहा है, वह कई मायनों में निजी स्कूलों को भी पीछे छोड़ने वाला है। उन्होंने स्कूल की उपलब्धियों और प्रतिष्ठा को पूरे राज्य के सामने लाने के लिए स्कूल के शिक्षकों और करीब 50 विद्यार्थियों को विधानसभा ले जाने की इच्छा जताई।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं। विद्यार्थियों को बेहतर अवसर देकर उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि वह जिस भी जिले में जाते हैं, वहां स्कूलों का दौरा करने का प्रयास करते हैं और मुरलीगंज हाई स्कूल से भी काफी कुछ सीखने को मिला है।

स्पीकर ने कहा कि विकसित पश्चिम बंगाल के निर्माण में स्कूलों की अहम भूमिका होगी। उन्होंने विधानसभा को लोकतंत्र का मंदिर बताते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों को विधानसभा की कार्यप्रणाली के बारे में जानना चाहिए। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनता की भागीदारी जितनी बढ़ेगी, लोकतंत्र उतना ही मजबूत होगा। कार्यक्रम के दौरान स्पीकर ने विद्यार्थियों से बातचीत की और उनके साथ सेल्फी व तस्वीरें भी खिंचवाई।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार