विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस ने झाड़ू लगा कर रासमेला परिसर में चलाया सफाई अभियान
कूचबिहार, 26 नवंबर (हि. स.)। उत्सव की खुशियों के साथ शहर की स्वच्छता बनाए रखना भी हर नागरिक की जिम्मेदारी है। इसी संदेश के साथ गुरुवार सुबह पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष और कूचबिहार दक्षिण के विधायक रथींद्र बोस झाड़ू लेकर ऐतिहासिक रासमेला परिसर पहुंचे। मदनमोहन मंदिर से शुरू हुए इस सफाई अभियान में कूचबिहार नगरपालिका के कर्मचारियों के साथ भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया।
इस दौरान मदनमोहन मंदिर परिसर से लेकर पूरे रासमेला मैदान की सफाई की गई। साथ ही मेले में दुकान लगाने वाले व्यापारियों और दुकानदारों को भी स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। माइक के जरिए उनसे अपील की गई कि वे अपनी दुकानों के आसपास कचरा न फैलाएं और मेले के वातावरण को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करें।
अभियान में शामिल रथींद्र बोस ने कहा कि खुद झाड़ू लेकर सड़क पर उतरने का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि शहर को स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि रासमेला केवल एक वार्षिक उत्सव नहीं, बल्कि कूचबिहार के इतिहास और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। इसलिए मेले को आकर्षक बनाने के साथ-साथ स्वच्छ रखना भी जरूरी है।
गौरतलब है कि बुधवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कूचबिहार के ऐतिहासिक रासमेला का उद्घाटन किया था। इसी दौरान स्वयं सहायता समूहों की ओर से आयोजित गौरी मेले की भी शुरुआत की गई। मेला शुरू होने के बाद से ही यहां लोगों की भीड़ बढ़ रही है। ऐसे में साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन प्रशासन एवं आयोजकों के लिए महत्वपूर्ण चुनौती बन गया है। इस अभियान के जरिए जनप्रतिनिधियों ने व्यापारियों से लेकर आम लोगों तक सभी को स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

