home page

रथ यात्रा पर दक्षिण पूर्व रेलवे ने की विशेष ट्रेनों की घोषणा

 | 
रथ यात्रा पर दक्षिण पूर्व रेलवे ने की विशेष ट्रेनों की घोषणा


खड़गपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। रथ यात्रा 2026 के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ और अतिरिक्त यात्री दबाव को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने शालीमार–पुरी–शालीमार तथा बांगरीपोसी–पुरी–बांगरीपोसी के बीच विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इन विशेष रेल सेवाओं से पश्चिम बंगाल और ओडिशा के श्रद्धालुओं को पुरी पहुंचने में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

शुक्रवार शाम रेलवे प्रशासन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 08565 शालीमार–पुरी रथ यात्रा विशेष रेलगाड़ी 15 जुलाई तथा 23 जुलाई को कुल दो फेरों में शालीमार से सायं छह बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन प्रातः छह बजे पुरी पहुंचेगी।

वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 08566 पुरी–शालीमार विशेष रेलगाड़ी 17 जुलाई तथा 25 जुलाई को रात्रि 00:30 बजे पुरी से रवाना होकर अपराह्न 13:30 बजे शालीमार पहुंचेगी।

यह विशेष रेलगाड़ी दोनों दिशाओं में सांतरागाछी, मेचेदा, खड़गपुर, बेलदा, दांतन, जलेश्वर, बस्ता, रूपसा, बालेश्वर, सोरो, भद्रक, जाजपुर-केन्द्रापाड़ा मार्ग, कटक, भुवनेश्वर तथा खुर्दा रोड स्टेशनों पर ठहरेगी।

इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 08563 बांगरीपोसी–पुरी मेमू विशेष रेलगाड़ी 15, 23 और 24 जुलाई को कुल तीन फेरों में बांगरीपोसी से अपराह्न 14:30 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन प्रातः तीन बजे पुरी पहुंचेगी।

वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 08564 पुरी–बांगरीपोसी मेमू विशेष रेलगाड़ी 17, 25 और 26 जुलाई को रात्रि 01:15 बजे पुरी से रवाना होकर अपराह्न 13:30 बजे बांगरीपोसी पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार, यह मेमू विशेष रेलगाड़ी खड़गपुर मंडल के अधिकार क्षेत्र में बांगरीपोसी से रानीताल के मध्य पड़ने वाले सभी स्टेशनों पर ठहरेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता