home page

चंद्रनाथ रथ हत्या मामले में पुलिस ने तीन को पकड़ा

 | 
चंद्रनाथ रथ हत्या मामले में पुलिस ने तीन को पकड़ा


कोलकाता, 07 मई (हि. स.)। उत्तर 24 परगना जिलान्तर्गत मध्यग्राम के दोहारिया इलाके में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में तीन कुख्यात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपित पेशेवर “सुपारी किलर” यानी भाड़े के शूटर हैं। पुलिस अब उनसे लगातार पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि इस सनसनीखेज हत्या के पीछे कौन लोग हैं और किसने इसकी साजिश रची थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना वाले दिन बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे और उन्होंने बेहद नजदीक से चंद्रनाथ रथ पर गोलियां चलाईं। गंभीर रूप से घायल हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे मध्यग्राम इलाके में सनसनी फैल गई थी। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल टावर लोकेशन और स्थानीय सूत्रों की मदद से आरोपितों की पहचान की। इसके बाद कई जगहों पर छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपितों के पास से आग्नेयास्त्र और कई अहम सुराग भी मिले हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित सीधे गोली चलाने की घटना में शामिल थे। हालांकि उन्होंने कहा कि यह पता लगाना अब सबसे महत्वपूर्ण है कि ये लोग किसके इशारे पर काम कर रहे थे। पुलिस का अनुमान है कि इस हत्या के पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय था।

इस घटना को लेकर राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सुनियोजित तरीके से यह हमला कराया गया। वहीं सत्ताधारी दल ने इन आरोपों को खारिज करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

उधर भाजपा नेतृत्व ने चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में जल्द चार्जशीट दाखिल करने और मुख्य साजिशकर्ताओं को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता