रसगुल्ला दिवस पर सिलीगुड़ी में बांटे गए 20 हजार से अधिक रसगुल्ले
पर्यटन स्थलों पर भी मिलेगा बंगाल की मिठाई का स्वाद
सिलीगुड़ी, 14 नवंबर (हि. स.)। बंगाल की प्रसिद्ध मिठाई रसगुल्ले की लोकप्रियता और सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को सिलीगुड़ी में रसगुल्ला दिवस मनाया गया। इस अवसर पर सेवक मोड़ पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां सिलीगुड़ी स्वीट्स शॉप ओनर्स एसोसिएशन की ओर से राहगीरों और आम लोगों के बीच 20 हजार से अधिक रसगुल्ले वितरित किए गए।
कार्यक्रम में राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खुद लोगों के बीच रसगुल्ले वितरित किए और इस पारंपरिक मिठाई का स्वाद भी चखा।
इस दौरान मंत्री शंकर घोष ने कहा कि रसगुल्ला उनकी पसंदीदा मिठाइयों में से एक है। उन्होंने बंगाल के पारंपरिक खानपान और मिठाइयों को पर्यटन से जोड़ने पर जोर देते हुए घोषणा की कि आने वाले दिनों में राज्य के विभिन्न पर्यटन केंद्रों और टूरिज्म हब में रसगुल्ले को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए पर्यटन विभाग की ओर से आवश्यक पहल की जा रही है।
वहीं, सिलीगुड़ी स्वीट्स शॉप ओनर्स एसोसिएशन के संयुक्त सचिव विजय धर ने बताया कि बंगाल के रसगुल्ले को जीआई टैग मिलने की उपलब्धि और इसकी विरासत को यादगार बनाने के उद्देश्य से हर साल रसगुल्ला दिवस मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मकसद बंगाल की पारंपरिक मिठाई की पहचान को और व्यापक स्तर पर लोकप्रिय बनाना है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

