home page

रास उत्सव पर यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेन चला रहा रेलवे

 | 
रास उत्सव पर यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेन चला रहा रेलवे


कोलकाता, 24 नवंबर (हि. स.)। रास पूर्णिमा के अवसर पर नवद्वीप और शांतिपुर में श्रद्धालुओं एवं दर्शकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यात्रियों की सुविधा के लिए 24 और 25 नवंबर को बैंडेल-काटवा शाखा पर एक जोड़ी ईएमयू विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। ये ट्रेनें मार्ग के सभी स्टेशनों पर रुकेंगी।

पूर्व रेलवे के अनुसार, मंगलवार को अप ईएमयू विशेष ट्रेन बैंडेल से दोपहर दो बजे रवाना हुई और शाम चार बजकर 10 मिनट पर काटवा पहुंची। वहीं, डाउन ईएमयू विशेष ट्रेन काटवा से शाम छह बजकर 20 मिनट पर रवाना होकर रात आठ बजकर 30 मिनट पर बैंडेल पहुंचेगी। यह विशेष सेवा 24 और 25 नवंबर, दोनों दिन उपलब्ध रहेगी।

रास उत्सव के अवसर पर नवद्वीप धाम में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। विशेष रूप से रास पूर्णिमा और शोभायात्रा के दौरान यहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ती है। इस दौरान सड़क और रेल मार्ग पर यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है।

यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यह विशेष व्यवस्था की है, ताकि नवद्वीप और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों को यात्रा में सुविधा मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता