home page

रानीसायर मोड़ पर तेल टैंकर की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत

 | 
रानीसायर मोड़ पर तेल टैंकर की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत


आसनसोल , 24 अक्टूबर (हि.स.)।

जामुड़िया थाना क्षेत्र के रानीसायर मोड़ पर तेल टैंकर की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। वहीं, परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजनों ने टैंकर मालिक पक्ष से मुआवजे की मांग की है।

मृतक के बेटे परिमल पाल ने बताया कि उनके पिता रानीसायर मोड़ के सर्विस रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक तेल टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद उन्हें आसनसोल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर करने की बात कही। परिजन दूसरी गाड़ी की व्यवस्था करने में जुटे थे, तभी चिकित्सकों ने उनकी मौत की सूचना दे दी।

परिमल पाल ने बताया कि वह खुद भी दुर्गापुर के लाइफ केयर अस्पताल में भर्ती हैं। हादसे में उनका पैर टूट गया है। उनके पिता अपने दामाद यानी परिमल पाल के ससुर से मिलने और उनका हालचाल जानने जा रहे थे। इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई।

परिमल पाल के अनुसार, हादसे के बाद टैंकर और उसके चालक को पकड़े जाने की जानकारी मिली। रात हो जाने के कारण परिवार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए नहीं जा सका। उन्हें बताया गया था कि पोस्टमार्टम अगले दिन सुबह होगा।

परिमल पाल ने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। पिता की अचानक मौत और खुद अस्पताल में भर्ती होने के कारण परिवार के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थिति में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो जाएगा।

इसी को देखते हुए परिजन टैंकर मालिक पक्ष से उचित मुआवजे की मांग लेकर फाड़ी पहुंचे। उनका कहना है कि परिवार के सामने आए इस कठिन समय में टैंकर मालिक पक्ष को आर्थिक मदद करनी चाहिए, ताकि परिवार इस संकट से उबर सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा