रानीगंज के 35 नंबर वार्ड में पानी की किल्लत को लेकर स्थानीय लोगो ने किया पथावरोध
आसनसोल, 22 फ़रवरी (हि. स.)। आसनसोल नगर निगम के अंतर्गत रानीगंज बोरो कार्यालय के 35 नंबर वार्ड के निवासी पिछले कई महीनों से पेयजल की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद समाधान न मिलने पर रविवार सुबह पानी की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग के सर्विस रोड स्थित के मंगलपुर मोड़ पर स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण फैक्ट्रियों से होने वाले वायु और ध्वनि प्रदूषण से वे लंबे समय से परेशान हैं। उस पर पेयजल संकट ने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया है। पूरे इलाके में धूल की परत जम रही है, एक के बाद एक तालाब और जलाशय सूखते जा रहे हैं। कई सरकारी कुओं का जलस्तर नीचे गिरकर लगभग समाप्ति की कगार पर पहुंच गया है। ऐसे में एकमात्र सहारा सरकारी नल का पानी है, जो अनियमित रूप से आने के कारण लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
इलाकावासियों का कहना है कि पीने का पानी लाने के लिए उन्हें रोज दूर-दराज के क्षेत्रों में जाकर लंबा इंतजार करना पड़ता है, जिससे उनका सामान्य जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसलिए रविवार सुबह उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन की खबर पाकर 35 नंबर वार्ड की पार्षद अख्तारी खातून मौके पर पहुंचीं। उनके साथ रानीगंज बोरो कार्यालय के चेयरमैन मोजम्मेल साहाजादा भी उपस्थित थे। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर पानी की समस्या के कारणों की जानकारी दी और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

