home page

रानीगंज स्टेशन पर चलती ट्रेन से गिरकर युवक की मौत

 | 

आसनसोल, 18 नवंबर (हि. स.)। चलती ट्रेन से सिर बाहर निकालकर गुटखा थूकना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। बुधवार को रानीगंज रेलवे स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के दौरान रेलवे लाइन के किनारे लगे एक खंभे से सिर टकराने के बाद युवक ट्रेन से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राजेश कुमार के रूप में हुई है। इस घटना से परिवार में मातम छा गया।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, राजेश कुमार अपने परिवार के सदस्यों के साथ हावड़ा से बिहार के गया जाने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे। वे हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। बुधवार सुबह जब ट्रेन रानीगंज स्टेशन से रवाना हो रही थी, उसी दौरान राजेश गुटखा खाने के बाद थूकने के लिए ट्रेन के दरवाजे के पास पहुंचे। उन्होंने थूकने के लिए अपना सिर ट्रेन से बाहर निकाला। इसी दौरान रेलवे लाइन के किनारे लगे एक खंभे से उनका सिर जोरदार तरीके से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़े।

घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों और परिजनों के बीच अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल राजेश को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा