home page

रानीगंज में सड़क हादसे को लेकर भारी तनाव

 | 
रानीगंज में सड़क हादसे को लेकर भारी तनाव


पश्चिम बर्धमान, 12 मई (हि. स.)। जिले के रानीगंज में मंगलवार शाम सड़क हादसे के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया।

सूत्रों के अनुसार, मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे सियारसोल राजबाड़ी मोड़ के पास तेज रफ्तार कार ने एक साइकिल सवार को टक्कर मार दी और उसे करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों और राहगीरों ने कार चालक को पकड़कर जमकर पीटा। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को भीड़ के हाथों से बचाकर बाहर निकाला।

आरोप है कि टक्कर के बाद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और साइकिल समेत घायल व्यक्ति को काफी दूर तक घसीटता चला गया। यह दृश्य देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।स्थानीय लोगों ने कार को घेर लिया और चालक की पिटाई शुरू कर दी। वहीं गंभीर रूप से घायल साइकिल सवार को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रानीगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

इस घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 14 पर लंबा जाम लग गया। काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित किया गया और यातायात सामान्य हुआ।लोगों ने प्रशासन से इलाके को जाममुक्त करने और सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा