तिराट में एक आदिवासी युवक की डंपर की चपेट मे आकर मौत
आसनसोल, 30 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बर्धमान के रानीगंज थाना अंतर्गत निमचा चौकी इलाके में सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से आदिवासी युवक अविनाश मुर्मू (23) की मौत हो गई, जिसके बाद हालात बेकाबू हो गए। हादसा शिवानंद आश्रम के पास हुआ, जब अविनाश साइकिल से काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था। वह तीराट के एक ईंट भट्ठे में मजदूरी करता था।
गुस्साए स्थानीय लोगों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि वह सच छिपा रही है। इसी को लेकर पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहनों को घेर लिया और मांग की कि घायल युवक को उनके सामने लाया जाए। आक्रोशित भीड़ ने दामोदर नदी के पास खड़े बालू से लदे पांच डंपरों में आग लगा दी। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि दमकल की गाड़ियों को भी मौके पर पहुंचने से रोक दिया गया, जिससे सभी डंपर जलकर खाक हो गए।
घटना की सूचना पाकर भाजपा नेता अग्निमित्रा पाल मौके पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार के साथ धरने पर बैठ गईं। उन्होंने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बालू माफियाओं और सत्ताधारी नेताओं की मिलीभगत से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने मृतक के परिवार के लिए 10 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल हालात काबू में हैं, लेकिन इलाके में तनाव बना हुआ है। अज्ञात डंपर और उसके चालक की तलाश जारी है, वहीं सुरक्षा के मद्देनजर लगातार गश्त की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

